माननीय केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने अपने धनबाद दौरे के दूसरे दिन आज संशोधित झरिया मास्टर प्लान के अंतर्गत प्रभावित परिवारों के पुनर्वास हेतु निर्मित बेलगढ़िया और करमाटांड टाउन शिप में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
उन्होंनें करमाटांड टाउनशिप में बीसीसीएल द्वारा नव-निर्मित बहु कौशल विकास संस्थान (एमएसडीआई – IV) का उद्घाटन किया और ब्यूटिशियन, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव तथा फिटर (बैलेंसिंग) ट्रेड्स में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों से संवाद किया।
इसके उपरांत टाउनशिप में ही बीसीसीएल द्वारा नवनिर्मित मध्य/उच्च विद्यालय भवन का उद्घाटन किया तथा विद्यालय परिसर क्षेत्र में पौधारोपण कर हरियाली का संदेश दिया।
इस अवसर पर सीआईएल चेयरमैन, श्री बी.साईंराम, सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल, कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी – श्री पंकज जैन (निजी सचिव), श्री आलोक सिंह (ओएसडी-एमओसी), वरीय सलाहकार, श्री बी.वीरा रेड्डी, उपायुक्त धनबाद, श्री आदित्य रंजन, एसएसपी, श्री प्रभात कुमार, बीसीसीएल निदेशकगण – श्री मुरली कृष्ण रमैया, श्री संजय कुमार सिंह, श्री निलाद्री रॉय, एसडीएम श्री राजेश कुमार, डीआईजी सीआईएसएफ श्री जितेन्द्र तिवारी, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष सहित बीसीसीएल एवं जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में माननीय सांसद (धनबाद), श्री ढुलु महतो, विधायक (झरिया) श्रीमती रागिनी सिंह, विधायक (सिंदरी) श्री चन्द्रदेव महतो सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता की।
अपने संबोधन में श्री रेड्डी ने कहा कि झरिया पुनर्वास के अंतर्गत प्रभावित परिवारों ने झरिया में भूमिगत आग की चुनौतियों के बीच अपना जीवन गुजारा है।
सरकार ने सभी प्रभावित परिवारों को उन चुनौतियों से बाहर लाकर उनके सुरक्षा एवं विकास के लिए बेलगढ़िया एवं करमाटांड टाउनशिप का विकास किया है। इस क्षेत्र का विकास निरंतर जारी है, तथा सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। जेएमपी के अंतर्गत प्रभावित परिवारों को यहाँ की सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए और यहाँ पुनर्वासित होना चाहिए।
उन्होंनें इस दौरान स्थानीय निवासियों से संवाद किया और कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर है।
बेलगढ़िया और करमाटांड टाउनशिप में बेहतर सड़क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षण संस्थान, कौशल-प्रशिक्षण संस्थान, लघु-उद्योग, विवाह-भवन, आंगनवाड़ी, पार्क, बच्चो के लिए खेल का मैदान, रोजगार के साधन सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएँगी।
इसके पूर्व श्री रेड्डी ने बेलगढ़िया में विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। यहाँ उन्होंनें सर्वप्रथम सोलर स्ट्रीट लाइट, जेआरडीए तथा प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने फेज 4,6,7 और 8 जेआरडीए के शेष विकासात्मक कार्यों (बैलेंस डेवलपमेंट वर्क) का शिलान्यास, फेज 2 और 3 का अंतर्गत सड़क के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण का शिलान्यास, टाउनशिप में कैटल शेड के निर्माण कार्य का शिलान्यास सहित उत्क्रमिक मध्य विद्यालय छाताटांड का उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान उत्क्रमिक मध्य विद्यालय परिसर में पौधा रोपण किया तथा स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने टाउनशिप के निवासियों से संवाद किया तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा प्रदर्शित स्टाल का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की और कहा कि बेलगढ़िया और करमाटांड के निवासियों को बुनियादी सुविधाओं सहित जन-औषधि केंद्र, कोचिंग सेंटर तथा स्किल डेवलपमेंट सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएँगी। श्री रेड्डी ने इस दौरान लाभुकों के बीच बीसीसीएल सीएसआर योजना से संचालित ई-रिक्शा का भी वितरण किया।
बेलगढ़िया और करमाटांड टाउनशिप के निरीक्षण से पूर्व प्रातः कार्यक्रम की शुरुआत माननीय केंद्रीय मंत्री को ‘गार्ड ऑफ़ ऑनर’ देने के साथ की गयी।
सीआईएसएफ बीसीसीएल यूनिट के जवानों ने माननीय केंद्रीय मंत्री को ‘गार्ड ऑफ़ ऑनर’ दिया। इस दौरान सीआईएल चेयरमैन, श्री बी.साईंराम, सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल, उपायुक्त धनबाद, श्री आदित्य रंजन, बीसीसीएल निदेशकमंडल, एसएसपी धनबाद, श्री प्रभात कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय एवं जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




