वजन घटाने की चाहत में अक्सर लोग कई मिथकों को सच मान लेते हैं। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर फैली ये गलत धारणाएं न केवल आपकी मेहनत को बेकार कर सकती हैं, बल्कि सेहत को भी नुकसान पहुंचा सकती हैं। आइए इस लेख में हम कुछ ऐसे ही मिथकों की सच्चाई जानते हैं, जिन्हें बहुत से लोग सच मानते हैं।
Weight Loss Myths: आज के समय में बहुत से लोग अपना वजन कम करना चाहते हैं, और इस लक्ष्य को पाने के लिए लोग अक्सर इंटरनेट, सोशल मीडिया या अपने दोस्तों की सलाह पर आंख मूंदकर भरोसा कर लेते हैं। इंटरनेट पर हर तरफ से वजन घटाने के नए-नए ‘टिप्स’ और ‘ट्रिक्स’ देखने और सुनने को मिल जाएंगे। पर दुख की बात ये है कि इनमें से कई सलाहें मिथकों और गलत धारणाओं पर आधारित होती हैं।
ये गलत धारणाएं न सिर्फ वजन घटाने की प्रक्रिया को बेहद मुश्किल बना देती हैं, बल्कि कई बार इनसे सेहत को गंभीर नुकसान भी पहुंच सकता है। बिना सही जानकारी के किसी भी डाइट या एक्सरसाइज प्लान को अपनाना, फायदे की बजाय आपके सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है।
इसलिए, यह समझना बेहद जरूरी है कि वजन घटाने का सही तरीका क्या है और किन आम मिथकों से हमें बचना चाहिए, ताकि हम स्वस्थ तरीके से अपने लक्ष्य तक पहुंच सकें और अपने शरीर को कोई नुकसान न पहुंचाएं। आइए इस लेख में वजन घटाने से जुड़े चार आम मिथकों और उनकी सच्चाई के बारे में विस्तार से जानते हैं।
मिथक 1: भोजन छोड़ने से वजन तेजी से घटता है
कई लोग मानते हैं कि नाश्ता या रात का खाना छोड़ने से कैलोरी कम होगी और वजन जल्दी घटेगा। पर सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। भोजन छोड़ने से शरीर को ऊर्जा की कमी होती है, जिससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है।
इससे आपका भूख बढ़ता है और आप अगले डाइट में ज्यादा खा सकते हैं। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि दिन में 4-5 छोटे और संतुलित भोजन लें, जिसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट शामिल होना चाहिए।
मिथक 2: कार्बोहाइड्रेट्स वजन बढ़ाते हैं
लोग अक्सर रोटी, चावल या आलू को वजन बढ़ने का कारण मानते हैं और इन्हें पूरी तरह छोड़ देते हैं। लेकिन आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि सभी कार्बोहाइड्रेट्स हानिकारक नहीं होते। साबुत अनाज, दालें और सब्जियां जैसे जटिल कार्ब्स शरीर को ऊर्जा देते हैं और पाचन को बेहतर बनाते हैं। प्रोसेस्ड कार्ब्स, जैसे मैदा और चीनी, से बचना चाहिए। संतुलित मात्रा में स्वस्थ कार्ब्स वजन घटाने में मदद करते हैं।
मिथक 3: वजन घटाने के लिए सिर्फ व्यायाम काफी है
कई लोग सोचते हैं कि जिम में घंटों पसीना बहाने से वजन कम हो जाएगा, भले ही आहार पर ध्यान न दें। आपको बता दें कि वजन घटाने के लिए डाइट भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना व्यायाम होता है। बिना संतुलित आहार के व्यायाम से कैलोरी बर्न हो सकती है, लेकिन वजन नियंत्रण मुश्किल हो सकता है।
मिथक 4: वेट लॉस सप्लिमेंट्स जादुई असर दिखाते हैं
बाजार में कई सप्लिमेंट्स तेजी से वजन घटाने का दावा करते हैं। मगर इनमें से ज्यादातर असरदार नहीं होते और लंबे समय तक इस्तेमाल से लीवर या किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वजन घटाने का कोई शॉर्टकट नहीं है। संपूर्ण आहार, नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद ही स्थायी परिणाम दे सकते हैं। किसी भी सप्लिमेंट्स को लेने से पहले डाइटिशियन से जरूर सलाह लें।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
