भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने कहा कि अगर चौथे टेस्ट में बुमराह नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मुझे ऐसा लगता है अगर बुमराह नहीं खेल रहे हैं तो अर्शदीप ही सही विकल्प हैं।’

दिग्गज भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल करने की वकालत की है। दरअसल, तीसरे टेस्ट के बाद कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बुमराह चौथे टेस्ट में अनुपलब्ध रह सकते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बुमराह की जगह भारत की प्लेइंग 11 में किसे मौका मिलेगा?

अर्शदीप को मिल सकता है मौका
भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने कहा कि अगर चौथे टेस्ट में बुमराह नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मुझे ऐसा लगता है अगर बुमराह नहीं खेल रहे हैं तो अर्शदीप ही सही विकल्प हैं। क्योंकि इंग्लैंड में आपको एक ऐसे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की जरूरत होती है जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सके और साथ ही एक अलग कोण से स्पिनरों के लिए रफ पिच बना सके। इसलिए अगर बुमराह नहीं खेलते हैं, तो अर्शदीप को अगला मैच खेलना चाहिए।

चौथे टेस्ट में मिल सकता है बुमराह को आराम
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में खेला गया था। भारत को इस मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में बुमराह ने पांच विकेट झटके थे। दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने वापसी की और 336 रनों से जीत दर्ज की। हालांकि, इस मुकाबले में बुमराह नहीं खेले थे। तीसरे टेस्ट में उनकी वापसी हुई, लेकिन भारत 22 रनों से हार गया। अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बुमराह को चौथे टेस्ट में आराम मिल सकता है। हालांकि, गुरुवार को सहायक कोच रेयान डेशकाटे ने इस बात के संकेत दिए थे कि आगामी मैच में तेज गेंदबाज खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

अर्शदीप कर सकते हैं डेब्यू
अर्शदीप सिंह ने अब तक भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है। उन्होंने अब तक 21 फर्स्ट क्लास मैचों में 3.20 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 66 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, भारत के लिए खेले नौ वनडे और 63 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उन्होंने क्रमश: 14 और 99 विकेट झटके हैं। अगर बुमराह मैनचेस्टर टेस्ट में नहीं खेलते हैं तो 26 वर्षीय तेज गेंदबाज को मौका मिल सकता है।

डेशकाटे ने दिए संकेत
बुमराह दो टेस्ट खेल चुके हैं और उन्हें बाकी बचे दो टेस्ट में से एक ही खेलना है। भारतीय टीम के सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे ने कहा कि यह स्पष्ट है कि मैनचेस्टर में सीरीज निर्णायक स्थिति में है, इस लिए हमारा झुकाव यहां बुमराह को उतारने पर है। हालांकि उन्हें खिलाने पर फैसला अंतिम क्षणों में लिया जाएगा।