केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कल नई दिल्ली में लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम यानी एलपीएमएस का शुभारंभ करेंगे।
जून 08, नई दिल्ली:
देश में स्मार्ट बॉर्डर मैनेजमेंट और सीमा पार व्यापार को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कल नई दिल्ली में लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम यानी एलपीएमएस का शुभारंभ करेंगे। यह एक अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य देश के सभी लैंड पोर्ट्स के संचालन को एकीकृत प्रणाली के तहत लाना है, ताकि सीमा पार व्यापार और यात्रियों की आवाजाही और अधिक सुरक्षित, तेज और पारदर्शी हो सके। एलपीएमएस के जरिए माल ढुलाई, यात्रियों की एंट्री-एग्जिट, कस्टम और अन्य नियामकीय प्रक्रियाओं की रियल-टाइम जानकारी का सुरक्षित आदान-प्रदान संभव होगा।
इससे लैंड पोर्ट्स को एयरपोर्ट और सीपोर्ट जैसी डिजिटल कार्यप्रणाली के समान मजबूत तकनीकी ढांचा मिलेगा। यह प्लेटफॉर्म एंड-टू-एंड डिजिटल वर्कफ्लो को सक्षम करेगा, जिसमें स्लॉट बुकिंग, भुगतान, ट्रैकिंग और सिंगल विंडो क्लीयरेंस जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री मेघालय के डावकी और त्रिपुरा के श्रीमंतपुर लैंड पोर्ट्स पर विकसित नए स्टेकहोल्डर आवासीय सुविधाओं का भी उद्घाटन करेंगे। सरकार का कहना है कि यह पहल न केवल व्यापार सुगमता और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगी, बल्कि सीमा सुरक्षा को भी और मजबूत बनाएगी। इस कदम को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में एक अहम उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
फोटो– केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)

