बीसीसीएल द्वारा अन्नपूर्णा हॉल, कोयला भवन में आज एनआरएस लिंकज ऑक्शन एवं सीआईएल एसडब्ल्यूएमए (SWMA) ई-नीलामी उपभोक्ताओं के लिए एक बिडर्स मीट (एनआरएस कंज़्यूमर मीट 2026) का आयोजन किया गया। यह बैठक मुख्य रूप से उन सफल बोलीदाताओं के लिए आयोजित की गई, जिन्होंने 18 मार्च से 02 अप्रैल तक विभिन्न तिथियों में आयोजित ई-नीलामियों में कोयला बुक किया है, साथ ही कल होने वाले ई-ऑक्शन से जुड़े प्रतिभागियों ने भी उक्त बैठक में भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी-संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक (मार्केटिंग एवं सेल्स) श्री हितेश वर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी, क्षेत्रीय बिक्री एवं गुणवत्ता प्रबंधक, कोयला प्रेषण से जुड़े ठेकेदार, ऑपरेटर, परिवहनकर्ता तथा कोयला भवन के संबंधित महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य गत दिनों (18 मार्च से 02 अप्रैल) में आयोजित ई-नीलामियों में बुक कोयले के सुगम एवं समयबद्ध उठाव को सुनिश्चित करना तथा बोली गई संपूर्ण मात्रा के प्रभावी निष्पादन हेतु उपभोक्ताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करना था। बैठक के दौरान कैश बैक डिस्काउंट योजना (वास्तविक उठाव के आधार पर) से संबंधित प्रावधानों की जानकारी साझा की गई तथा उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत तथा राष्ट्रगान एवं कोल इंडिया गीत के साथ की गई। स्वागत संबोधन महाप्रबंधक (मार्केटिंग एवं सेल्स) श्री हितेश वर्मा ने किया और बैठक की आवश्यकता तथा महत्व पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में सीएमडी, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि गत दिनों में बीसीसीएल द्वारा विभिन्न तिथियों में  आयोजित ई-नीलामी में बेहद उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है, तथा कंपनी अपने सभी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण कोयले की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए निर्धारित मात्रा का समय पर उठाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी द्वारा लॉजिस्टिक्स, गुणवत्ता नियंत्रण एवं पारदर्शिता को और सुदृढ़ करने हेतु निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध सेवाएं प्रदान की जा सकें।

बैठक में रेल एवं सड़क मार्ग से कोयला प्रेषण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। यह भी सुनिश्चित किया गया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, पारदर्शी तथा त्वरित सेवा प्रदान की जाए।

इस दौरान सीएमडी, श्री अग्रवाल ने उपस्थित सभी उपभोक्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं एवं सुझावों को जाना और उपस्थित अधिकारियों एवं संबद्ध विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपस्थित उपभोक्ताओं द्वारा भी विभिन्न सुझाव और अनुभव साझा किए गए, जिन पर कंपनी प्रबंधन द्वारा आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम का समापन निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया द्वारा व्यक्त धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

बीसीसीएल इस प्रकार की पहल के माध्यम से कोयले की गुणवत्ता, समयबद्ध प्रेषण एवं उपभोक्ता संतुष्टि सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह बैठक उपभोक्ता-केंद्रित दृष्टिकोण को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।