नेपाल के खिलाफ टी20 मैच में नीदरलैंड ने तीसरे सुपरओवर में जीत हासिल की। नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाए। जवाब में नेपाल की टीम भी इतने ही रन बना पाई। फिर क्या हुआ…इस खबर में पढ़े…
नीदरलैंड ने ग्लास्गो में टी20 अंतरराष्ट्रीय त्रिकोणीय क्रिकेट सीरीज के मैच में नेपाल को तीसरे सुपर ओवर में हरा कर नया रिकॉर्ड बनाया। टी20 या लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी मैच का परिणाम तीसरे सुपर ओवर में निकला। इस मैच में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। फैंस दांतों तले अंगुली दबाते हुए मैच देखते रहे। मेजबान स्कॉटलैंड इस टी20 त्रिकोणीय सीरीज की तीसरी टीम है।
नेपाल के नंदन यादव ने इस तरह पलटा मैच
सोमवार की रात को खेले गए इस मैच में तीसरे सुपर ओवर में माइकल लेविट ने छक्का लगाकर आखिर में नीदरलैंड को जीत दिलाई। नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाए। एक समय उसकी जीत सुनिश्चित लग रही थी क्योंकि नेपाल को आखिरी ओवर में 16 रन चाहिए थे। नेपाल के निचले क्रम के बल्लेबाज नंदन यादव ने हालांकि अंतिम ओवर में दो चौके लगाए। उन्होंने आखिरी गेंद पर भी चौका लगाया जिससे नेपाल आठ विकेट पर 152 रन बनाकर स्कोर बराबर करने में सफल रहा।
पहला और दूसरा सुपरओवर हुआ टाई
कुशाल भुर्टेल ने 18 रन बनाकर नेपाल को पहले सुपर ओवर में 19 रन तक पहुंचाया, लेकिन नीदरलैंड के सलामी बल्लेबाज मैक्स ओडॉव ने पांचवीं और छठी गेंद पर क्रमश: छक्का और चौका लगाकर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद नीदरलैंड ने दूसरे सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी की और 17 रन बनाए। हालांकि, नेपाल के दीपेंद्र सिंह एयरी ने काइल क्लेन की आखिरी गेंद को छक्के के लिए भेज कर मैच को नए मोड़ पर खड़ा कर दिया। दूसरा सुपर ओवर भी टाई रहा।
तीसरे सुपरओवर में एक भी रन नहीं बना पाया नेपाल
तीसरे सुपर ओवर में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी की और एक भी रन नहीं बना पाया। नीदरलैंड के ऑफ स्पिनर जैक लायन कैशेट ने चार गेंदों में बिना कोई रन दिए दो विकेट लेकर नेपाल का ओवर जल्दी समाप्त कर दिया। सुपर ओवर में दो विकेट गिर जाने पर पारी समाप्त हो जाती है। इसके बाद नीदरलैंड को इस तरह से मैच जीतने के लिए सिर्फ एक रन की जरूरत थी, लेकिन लेविट ने संदीप लामिछाने के ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर मैच का शानदार अंत किया।
