फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म इंडियन आर्मी के जज्बे को सलाम करने के बैकड्रॉप पर बनी है। इस फिल्म में फरहान अख्तर परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार निभाने वाले हैं। 

अभिनेता फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म में फरहान परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर शैतान सिंह भाटी का रोल निभा रहे हैं। फिल्म के टीजर में भारतीय सैनिकों की जांबाजी की झलक देखने को मिल रही है। 

इस टीजर को जोया अख्तर ने भी अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। साथ ही उन्होंने कैप्शन दिया है- ‘ये वर्दी सिर्फ हिम्मत नहीं, बलिदान भी मांगती है’। इसके अलावा उन्होंने जानकारी दी कि फिल्म इस साल 21 नवंबर को रिलीज हो रही है। 

फिल्म की कहानी के बारे में
‘120 बहादुर’ उस वीरता की दास्तान है, जो 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला के मोर्चे पर लिखी गई थी। सिर्फ 120 भारतीय सैनिकों ने हजारों चीनी सैनिकों के सामने डटकर मुकाबला किया और अपनी जान की परवाह ना करते हुए देश की रक्षा की। मेजर शैतान सिंह भाटी के नेतृत्व में लड़ी गई ये लड़ाई आज भी भारतीय सेना के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।

लद्दाख की वादियों में हुई शूटिंग
बता दें इस फिल्म को रियलिस्टिक बनाने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने जानकारी दी कि इसकी शूटिंग लद्दाख की उन ऊंची पहाड़ियों पर की गई है, जहां ऑक्सीजन की कमी और तापमान का माइनस में पहुंचना आम बात है। फिल्म के एक बड़े हिस्से को 14,000 फीट की ऊंचाई पर -10 डिग्री सेल्सियस तापमान में शूट किया गया है।

निर्देशक और रिलीज डेट
इस फिल्म का निर्देशन रजनीश रजी घई ने किया है और इसे फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी और अमित चंद्रा ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और मेकर्स को उम्मीद है कि ये ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म करेगी, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी अपनी जगह बनाएगी।