जम्मू कश्मीर के खिलाफ मुंबई की पहली पारी महज 120 रन पर सिमट गई, जबकि टीम स्टार खिलाड़ियों से भरी पड़ी है। यशस्वी और रोहित के अलावा हार्दिक तमोरे सात रन, कप्तान अजिंक्य रहाणे 12 रन, श्रेयस अय्यर 11 रन बनाकर आउट हुए। शिवम दुबे और शम्स मुलानी खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए।
रणजी ट्रॉफी एलीट वर्ग के मुकाबले शुरू हो चुके हैं। गुरुवार को मुंबई और जम्मू कश्मीर के बीच भी मुकाबला शुरू हुआ। इस मैच को देखने के लिए काफी दर्शक भी पहुंचे, क्योंकि रोहित शर्मा की 10 साल बाद इस घरेलू टूर्नामेंट में वापसी हुई थी। हालांकि, फैंस को उन्हें ज्यादा देर तक देखने का मौका नहीं मिला और वह तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म में चल रहे रोहित को रणजी में भी फेल देखने के बाद फैंस भड़क गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना की है। साथ ही रोहित के आने से टीम से हटाए गए आयुष म्हात्रे का समर्थन भी किया है। फैंस ने रोहित पर युवा खिलाड़ी की जगह को हड़पने का आरोप लगाया है।
आयुष को बाहर किए जाने से निराश मुंबई के फैंस
दरअसल, जम्मू कश्मीर के खिलाफ रणजी मुकाबले में रोहित से काफी उम्मीदें थीं। फैंस को लगा कि रोहित घरेलू क्रिकेट में बड़ा स्कोर कर फॉर्म में वापसी करेंगे, लेकिन पहली पारी में ऐसा नहीं हो सका। रोहित को आयुष की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया था। आयुष ने मुंबई के लिए पिछले रणजी मैच में शतक लगाया था।
उन्होंने सर्विसेस के खिलाफ मुकाबले में पहली पारी में 116 रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे थे। आयुष ने इस सीजन रणजी में अब तक नौ पारियों में 45.33 की औसत से 408 रन बनाए हैं। इनमें दो शतक और एक अर्धशतक है। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए अपने पिछले मैच में उन्होंने 148 रन भी बनाए थे।
ऐसे में फैंस को यह पसंद नहीं आया कि रणजी की डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई एक आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ी को एक इन फॉर्म खिलाड़ी से रिप्लेस किया।