बीसीसीएल द्वारा कोल स्टॉक के क्लीयरेंस हेतु विभिन्न स्लैब के अंतर्गत प्रति टन ₹100 से ₹600 तक की विशेष छूट की पेशकश की गई है।
आज आयोजित नीलामी में कंपनी को कोयला उपभोक्ताओं की ओर से अभूतपूर्व प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। नीलामी के दौरान रेल एवं सड़क दोनों माध्यमों से कोयले की रिकॉर्ड बुकिंग दर्ज की गई, जो इस योजना की सफलता को दर्शाती है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, रेल माध्यम से कुल 45 रेक के लिए लगभग 1,80,000 टन कोयले की बुकिंग की गई। वहीं, सड़क मार्ग के माध्यम से 56,850 टन कोयले की बुकिंग प्राप्त हुई। इस प्रकार कुल मिलाकर 2,36,850 टन कोयले की बुकिंग दर्ज की गई, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह रिकॉर्ड बुकिंग बीसीसीएल की उपभोक्ता-केंद्रित नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनती है तथा रेल माध्यम से बढ़ी बुकिंग स्टील क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगी। उन्होंने टीम बीसीसीएल के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे ही प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
यह पहल बाजार की मांग को संतुलित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में कोयले की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
