शिक्षा के क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कोयला भवन, मुख्यालय में आज बीसीसीएल और चाइल्ड राइट्स एंड यू (सीआरवाई), पूर्वी क्षेत्र के बीच धनबाद जिले के पांच सरकारी विद्यालयों में ‘मिनी साइंस सेंटर लैब’ स्थापित करने हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर संपन्न हुआ।
अवसर पर विभागाध्यक्ष (सीएसआर) बीसीसीएल, श्री सुरेन्द्र भूषण, बीसीसीएल सीएसआर टीम तथा सीआरवाई की क्षेत्रीय निदेशक (पूर्व) सुश्री त्रिना चक्रवर्ती उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थाओं ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विदित हो कि यह परियोजना बीसीसीएल के सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही है। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2023-24 में इस पहल का पायलट चरण सफलतापूर्वक लागू किया गया था। उस दौरान इसी प्रकार की गतिविधियों से लाभान्वित विद्यार्थियों ने विभिन्न विज्ञान मेलों और प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए सराहना प्राप्त की थी।
इसी सकारात्मक अनुभव को आगे बढ़ाते हुए नई परियोजना के अंतर्गत चयनित पांच सरकारी विद्यालयों में स्थिर एवं गतिशील वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से मिनी साइंस सेंटर लैब स्थापित किए जाएंगे। इन प्रयोगशाला सुविधाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के सिद्धांतों को प्रयोगात्मक और रोचक तरीके से समझने का अवसर प्रदान करना है, जिससे उनमें जिज्ञासा, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास हो सके।
बीसीसीएल द्वारा सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्रों में निरंतर विभिन्न पहलें संचालित की जा रही हैं। धनबाद जिले के सरकारी विद्यालयों में स्थापित की जाने वाली ये मिनी साइंस सेंटर लैब विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि यह पहल विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में नवाचार और अनुसंधान के लिए प्रेरित करेगी।
