गिल को मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने आउट किया। गिल 23 गेंद में 12 रन बना सके। इससे पहले लॉर्ड्स की पहली पारी में उन्होंने 16 रन और दूसरी पारी में छह रन बनाए थे।

भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 264 रन बना लिए हैं। शार्दुल ठाकुर और रवींद्र जडेजा 19-19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 29 रन की साझेदारी हो चुकी है।

कप्तान शुभमन गिल एक बार फिर इस टेस्ट में फेल रहे। शुरुआती दो मैचों में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद उनके बल्ले से रन निकलना बंद हो चुका है। गिल ने हेडिंग्ले और एजबेस्टन को मिलाकर ही सीरीज में 600 के करीब रन बना लिए थे, लेकिन लॉर्ड्स और अब मैनचेस्टर में उनके बल्ले से रन नहीं निकला है। लॉर्ड्स की दोनों पारियों और ओल्ड ट्रैफर्ड की एक पारी को मिलाकर कुल तीन पारियों में वह 34 रन बना पाए हैं। इससे पहले उन्होंने चार पारियों में 585 रन बनाए थे। 

गिल को मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने आउट किया। गिल 23 गेंद में 12 रन बना सके। इससे पहले लॉर्ड्स की पहली पारी में उन्होंने 16 रन और दूसरी पारी में छह रन बनाए थे। इसकी वजह से टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं, हेडिंग्ले में पहले टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 147 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में आठ रन बनाए थे। इसके बाद बर्मिंघम में तो उन्होंने इतिहास रच दिया था। पहली पारी में गिल ने 269 रन और दूसरी पारी में 161 रन की पारी खेली। भारत ने बर्मिंघम में टेस्ट जीतकर इतिहास रचा था। टीम इंडिया इस जगह पर टेस्ट जीतने वाली पहली एशियाई टीम बनी थी।

इसके बाद गिल के बल्ले की धार कम हुई तो लॉर्ड्स में भारत को हार का मुंह देखना पड़ा। गिल को स्टोक्स ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इस सीरीज में गिल अब तक दो बार स्पिनर के और पांच बार तेज गेंदबाजों के शिकार बने हैं। भारत को अगर टेस्ट जीतना है और सीरीज में वापसी करनी है तो गिल का रन बनाना बेहद जरूरी है।

स्टोक्स ने अब तक टेस्ट में खुद कप्तान रहते हुए छह विपक्षी टीमों के कप्तानों का शिकार किया है, इनमें से तीन भारतीय कप्तान रहे हैं। गिल से पहले वह वेस्टइंडीज के कप्तान रहे जेसन होल्डर, भारत के कप्तान रह चुके जसप्रीत बुमराह, पाकिस्तान के कप्तान रह चुके बाबर आजम, भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम का भी शिकार कर चुके हैं।

भारत की पहली पारी की बात करें तो खराब रोशनी की वजह से पहले दिन के खेल को समय से पहले समाप्त कर दिया गया। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 94 रन की ओपनिंग साझेदारी की। यशस्वी ने 107 गेंद में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाए।

वहीं, राहुल अर्धशतक से चूक गए। वह 98 गेंद में चार चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। करुण नायर को रिप्लेस कर टीम में आए साई सुदर्शन ने 151 गेंद में सात चौके की मदद से 61 रन की पारी खेली। वहीं, ऋषभ पंत का चोटिल होना सबसे बड़ा झटका रहा। उनके पैर में गेंद लगी और वह काफी दर्द में दिखे। इसके बाद उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया। रिटायर्ड हर्ट होने के वक्त वह 48 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।