भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला आज से लंदन के द ओवल मैदान पर शुरू होने जा रहा है। शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम इस मैच में किसी भी हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। फिलहाल मौजूदा सीरीज में मेजबान 1-2 से आगे चल रहे हैं।
मैनचेस्टर में लय में नहीं दिखे थे बुमराह
दुनिया के नंबर एक गेंदबाज 31 वर्षीय बुमराह ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए चौथे टेस्ट मैच में लय में नहीं दिखे थे। उन्हें अपनी गति को लेकर भी संघर्ष करना पड़ा था। वे इस टेस्ट में सिर्फ एक विकेट ले सके थे। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बुमराह को बता दिया है कि यह फैसला उनकी पीठ को चोट से बचाने और भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।’ रिपोर्ट में कहा गया है कि कमर में दर्द के कारण चौथे टेस्ट से बाहर रहे आकाश दीप को प्लेइंग-11 में बुमराह की जगह शामिल किया जा सकता है।
बुमराह को मिल सकता है आराम
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया है कि भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच से बाहर रहना तय माना जा रहा है। वहीं, अंशुल कंबोज भी पिछले टेस्ट में प्रभावित करने में नाकाम रहे थे। ऐसे में आकाश दीप की प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है। वह चोट की वजह से पिछला मैच नहीं खेले थे। इसके अलावा अंशुल की जगह अर्शदीप सिंह को टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। दोनों ने मंगलवार को प्रैक्टिस सेशन में जमकर पसीना बहाया था। सिराज तीसरे तेज गेंदबाज हो सकते हैं। हालांकि, सिराज पर भी चार टेस्ट खेलने की वजह से थकान हावी है और अगर उन्हें आराम दिया जाता है, तो प्रसिद्ध कृष्णा खेलते दिखाई पड़ेंगे।
इंग्लैंड 1-2 से आगे
भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट की शुरुआत 31 जुलाई, गुरुवार से होगी। लंदन के द ओवल मैदान में खेला जाने वाला यह मैच टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सीरीज हार से बचाने के लिए भारत को हर हाल में यह मैच जीतना होगा।
इंग्लैंड ने फिलहाल 1-2 की बढ़त बनाई हुई है। शुभमन गिल की अगुआई में भारत ने इस दौरे पर कमाल का प्रदर्शन किया है। लीड्स और लॉर्ड्स, जिन दो टेस्ट मैचों में भारतीय टीम हारी, वो बेहद करीबी रहे। टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने मैनचेस्टर टेस्ट को बचाने के लिए गजब का साहस दिखाया। भारतीय बल्लेबाज इस सीरीज में फॉर्म में रहे हैं। हालांकि, आखिरी टेस्ट में भारत की सबसे बड़ी समस्या गेंदबाजों के चयन को लेकर होगी। पिछले टेस्ट में भारतीय गेंदबाज फेल रहे थे। वहीं, आखिरी टेस्ट में एक नई बॉलिंग लाइन अप के साथ टीम इंडिया उतर सकती है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला आज से लंदन के द ओवल मैदान पर शुरू होने जा रहा है। शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम इस मैच में किसी भी हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। फिलहाल मौजूदा सीरीज में मेजबान 1-2 से आगे चल रहे हैं।
