तीन दिवसीय एनीमिया जाँच, बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट तथा सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण जागरूकता शिविर की भी हुई शुरुआत।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केंद्रीय अस्पताल, बीसीसीएल (सीएचडी) द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई। अस्पताल द्वारा आज अपर जीआई एंडोस्कोपी (Upper GI Endoscopy) सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया, साथ ही कोलोनोस्कोपी (Colonoscopy) सेवाओं की भी शुरुआत की गई। इन आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के शुरू होने से अस्पताल की रोगों की जांच एवं उपचार संबंधी क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा मरीजों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
केंद्रीय अस्पताल में इन नई चिकित्सा सेवाओं की शुरुआत सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल तथा निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया के निरंतर मार्गदर्शन, समर्थन एवं दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसके तहत बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों, उनके परिवारों तथा आसपास के समुदाय के लिए गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने हेतु विशेष प्रयास किये जा रहे हैं।
इस सेवा की शुरुआत डॉ. बंदना, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (I/C) तथा डॉ. अनीश कुमार गांधी, विभागाध्यक्ष (सर्जरी) के मार्गदर्शन में की गई। यह पहल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बीसीसीएल के कर्मचारियों, उनके परिवारों तथा आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सीएमडी, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने इस अवसर पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय अस्पताल में अपर जीआई एंडोस्कोपी और कोलोनोस्कोपी जैसी आधुनिक जांच सेवाओं की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल गंभीर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल रोगों की समय पर पहचान और उपचार संभव होगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों को भी उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इन सेवाओं के माध्यम से पेट एवं आंत से संबंधित विभिन्न रोगों की सटीक जांच और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता इत्यादि अब स्थानीय स्तर पर ही संभव होगा। इससे मरीजों को बेहतर, त्वरित और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इसके साथ ही आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय अस्पताल में 9, 10 एवं 11 मार्च तक चलने वाले तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी शुभारंभ किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में एनीमिया जांच, बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट तथा सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण जागरूकता शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिन आयोजित हीमोग्लोबिन जांच में कुल 88 लाभार्थियों की जांच की गई। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय रहते आवश्यक चिकित्सकीय जांच और परामर्श उपलब्ध कराना है।
बीसीसीएल प्रबंधन ने दोहराया कि कंपनी अपने स्वास्थ्य ढांचे को निरंतर मजबूत करने तथा कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय समुदाय को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


